जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: यूपी सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की चौथी बैठक के मेजबान सरदार गुरप्रीत सिंह बग्गा ने कहा कि 28 जून को होटल अमर वाटिका, सहारनपुर में आयोजित होने वाली बैठक में प्रदेश के सिख समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि बैठक में उत्तर प्रदेश के करीब 25 जिलों के गुरुद्वारा प्रतिनिधियों के साथ दिल्ली और पंजाब से भी प्रतिनिधि भाग लेंगे।
सरदार गुरप्रीत सिंह बग्गा ने बताया कि बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधन को मजबूत बनाने, शिक्षा, युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार, महिला सशक्तिकरण, मेडिकल सहायता और सामाजिक सेवा से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन जैसे संवेदनशील विषय पर भी चर्चा होगी तथा प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने प्रदेश के सभी गुरुद्वारा प्रबंधकों, सिख संगठनों और समाज के लोगों से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की।

