जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण शुक्रवार को 34 ग्रामीण मोटर मार्ग बंद रहे, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक प्रभावित चमोली जिला है, जहां 10 सड़क मार्ग बंद हैं। इसके बाद सीमांत जिला पिथौरागढ़ में आठ मार्ग अवरुद्ध हैं।
इससे पहले गुरुवार को बारिश के चलते प्रदेश में 32 सड़क मार्ग बंद हुए थे। वहीं, बदरीनाथ हाईवे करीब साढ़े 11 घंटे तक बंद रहने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
शुक्रवार को बंद मार्गों में देहरादून के छह, टिहरी के चार, रुद्रप्रयाग के तीन, पौड़ी के दो और बागेश्वर जिले का एक मार्ग शामिल है। संबंधित विभागों की ओर से सभी मार्गों को जल्द से जल्द खोलने का कार्य जारी है।
उधर, चमोली जिले के विद्युत खंड नारायणबगड़ के अंतर्गत आने वाले 20 गांवों और विद्युत खंड देवाल के पांच गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। हालांकि, विभाग ने मरम्मत कार्य पूरा कर इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है।
तेज बारिश से दहशत का माहौल
नारायणबगड़ में शुक्रवार रात करीब साढ़े तीन घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। रात करीब साढ़े 11 बजे तक हुई बारिश के कारण बाजार क्षेत्र में जलभराव हो गया, जबकि इंटर कॉलेज का मैदान भी तालाब में तब्दील हो गया। बारिश थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

