जनवाणी ब्यूरो |
दौराला: दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सकौती ओवरब्रिज से पहले मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ब्रेजा कार का अगला टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित कार कई पलटी खाने के बाद हाईवे किनारे खाई में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकलवाकर अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार कार में चार युवक सवार थे। इनमें से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान एक अन्य युवक ने भी दम तोड़ दिया। चौथे युवक का उपचार चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त कार मुजफ्फरनगर नंबर की है और प्रारंभिक जांच में आशंका है कि सभी युवक मुजफ्फरनगर के रहने वाले हो सकते हैं।
हालांकि अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। मौके से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, लेकिन सभी में लॉक होने के कारण उनसे भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस वाहन के पंजीकरण और अन्य माध्यमों से मृतकों व घायल की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चारों युवक कहां से आ रहे थे और किस स्थान के लिए निकले थे।

