जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर तीन दिसंबर को दिए जाने वाले राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र अभ्यर्थी एवं संस्थाएं 15 जुलाई तक जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन में निर्धारित प्रपत्र पर आवेदन कर सकते हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि आवेदन पत्र कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन पूर्ण विवरण एवं आवश्यक अभिलेखों सहित तीन प्रतियों में जमा करने होंगे।
उन्होंने बताया कि पुरस्कार 12 श्रेणियों में दिए जाएंगे। इनमें दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, दिव्यांगजन हेतु सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता, सर्वश्रेष्ठ प्लेसमेंट अधिकारी या एजेंसी, दिव्यांगजन के लिए कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति एवं संस्था, प्रेरणास्त्रोत, दिव्यांगजन के जीवन में सुधार के लिए सर्वश्रेष्ठ नवीन अनुसंधान या उत्पाद विकास, बाधामुक्त वातावरण के सृजन में उत्कृष्ट कार्य, पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाला सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग वयस्क, सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग बालक एवं बालिका, सर्वश्रेष्ठ ब्रेल प्रेस, दिव्यांगजन के लिए सर्वश्रेष्ठ अनुकूल वेबसाइट, सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी तथा दिव्यांगजन के सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं।उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों एवं संस्थाओं से निर्धारित तिथि तक आवेदन करने की अपील की है।

