जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: नोएडा के मामूरा गांव स्थित सेक्टर-66 में एक पांच मंजिला मकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि आग की चपेट में कई परिवार आ गए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
यह घटना नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र के मामूरा गांव की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक इलेक्ट्रिक बाइक में हुई स्पार्किंग के कारण आग भड़की, जो देखते ही देखते पूरे पांच मंजिला मकान में फैल गई। आग इतनी विकराल थी कि करीब 50 परिवार मकान के अंदर फंस गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। हादसे में दो लोगों के झुलसने की भी खबर है, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया।

