जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई। वैश्विक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव में बीएसई सेंसेक्स 523.22 अंक टूटकर 77,628.23 पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 134.10 अंक फिसलकर 24,198.25 पर कारोबार करता दिखा।
रुपये में भी कमजोरी
शेयर बाजार की गिरावट का असर भारतीय मुद्रा पर भी देखने को मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.53 पर कमजोर खुला। बाद में इसमें कुछ सुधार हुआ और यह 96.42 पर कारोबार करता रहा, जो पिछले बंद भाव 96.30 से 12 पैसे कमजोर था।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, घरेलू शेयर बाजार से विदेशी पूंजी की निकासी और वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते रुपये पर दबाव बना हुआ है। हालांकि, शुक्रवार को अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट और घरेलू बाजार में सकारात्मक माहौल के कारण रुपया 12 पैसे मजबूत होकर 96.30 पर बंद हुआ था।
ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर के पार
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी तेज उछाल दर्ज किया गया। ब्रेंट क्रूड वायदा 2.45 प्रतिशत बढ़कर 90.26 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, अंतरिम समझौते के विफल होने और होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी बीच बहरीन ने भी संभावित मिसाइल हमले की आशंका को देखते हुए सोमवार सुबह अलर्ट सायरन जारी किए।
विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी
इस बीच भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए राहत की खबर विदेशी मुद्रा भंडार से आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 10 जुलाई को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 964 मिलियन डॉलर बढ़कर 675.157 बिलियन डॉलर हो गया।
इससे पहले वाले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में 7.26 बिलियन डॉलर की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, जिसके बाद यह 674.193 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया था।
बाजार पर आगे क्या रहेगा असर?
विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में वैश्विक भू-राजनीतिक घटनाक्रम, कच्चे तेल की कीमतें, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां और डॉलर की चाल भारतीय शेयर बाजार और रुपये की दिशा तय करेंगे। यदि पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ता है, तो बाजार में उतार-चढ़ाव और तेज हो सकता है।

