जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: नगर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रजनीश दहूजा को चिकित्सा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान एवं दीर्घकालीन सेवाओं के लिए हैदराबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “ग्लोबल समिट ऑन हाइपरटेंशन एंड मेटाबॉलिक डिसऑर्डर्स” में सम्मानित किया गया।17 से 19 जुलाई तक हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में आयोजित इस सम्मेलन का आयोजन वर्ल्ड हाइपरटेंशन लीग, यूरोपियन सोसाइटी ऑफ हाइपरटेंशन तथा इंडियन सोसाइटी ऑफ हाइपरटेंशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं शोधकर्ताओं ने उच्च रक्तचाप और मेटाबॉलिक डिसऑर्डर्स के उपचार, रोकथाम तथा नवीनतम शोधों पर विचार-विमर्श किया।सम्मेलन के दौरान डॉ. रजनीश दहूजा को इटली के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. एनरिको अगाबिती रोसाई, यूरोपियन सोसाइटी ऑफ हाइपरटेंशन के प्रतिनिधि डॉ. गाइडो ग्रासी, ग्लोबल समिट ऑन हाइपरटेंशन के मॉडरेटर डॉ. वेंकटा सी. राम, वर्ल्ड हाइपरटेंशन लीग के उपाध्यक्ष डॉ. एस. एन. नर्सिंगन, मेदांता मूलचंद हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. एच. के. चोपड़ा तथा इंडियन सोसाइटी ऑफ हाइपरटेंशन के अध्यक्ष डॉ. सी. एच. वसंथ ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. रजनीश दहूजा पिछले 36 वर्षों से अधिक समय से सहारनपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। अपने अनुभव, समर्पण और मरीजों के प्रति संवेदनशील सेवा-भाव के कारण उन्होंने क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके उपचार से हजारों मरीज स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं। चिकित्सा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सम्मानित किया गया, जिससे सहारनपुर सहित पूरे क्षेत्र के चिकित्सक समुदाय में हर्ष का वातावरण है।

