जनवाणी संवाददाता |
कांधला/शमली: थाना क्षेत्र के गांव नाला के जंगल में शनिवार सुबह एक युवक का गोली लगा शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जनपद बागपत के थाना क्षेत्र स्थित गांव ककड़ीपुर निवासी 22 वर्षीय मोहना उर्फ़ मोनू पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई है, जो बहुत अच्छा कबड्डी खिलाड़ी भी रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोनू शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे अपने घर से पास के गांव नाला में मजदूरों को लेने के लिए निकला था। काफी देर तक उसके वापस न लौटने पर परिजन चिंतित थे। इसी बीच गांव नाला के रजवाहे की पटरी के पास किसान परविंदर के गन्ने के खेत में उसका गोली लगा शव पड़ा मिला।
खेत पर पहुंचे किसान परविंदर ने शव देखकर तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना कांधला पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार तथा भारी पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा घटना का शीघ्र खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

