जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बंगलूरू की परप्पना अग्रहारा केंद्रीय जेल में केंद्रीय अपराध शाखा (CCB) ने छापेमारी कर पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की बैरक से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस महानिदेशक (कारागार एवं सुधार सेवा) आलोक कुमार ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
हाई-सिक्योरिटी जेल में कई घंटे चला तलाशी अभियान
मंगलवार, 11 अगस्त को सीसीबी ने परप्पना अग्रहारा की हाई-सिक्योरिटी जेल में चार से पांच घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान हाई-प्रोफाइल कैदियों समेत अन्य बंदियों की बैरकों की जांच की गई। इसी अभियान में प्रज्वल रेवन्ना की बैरक से मोबाइल फोन मिला।
आलोक कुमार के मुताबिक, सीसीबी ने इस मामले में परप्पना अग्रहारा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अब एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
सहायक अधीक्षक निलंबित, जेल अधीक्षक को नोटिस
जेल अधिकारियों ने 6 अगस्त को भी प्रज्वल रेवन्ना की बैरक की तलाशी ली थी, लेकिन उस समय प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली थी। बाद में डीआईजी (दक्षिण) की रिपोर्ट के आधार पर ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में सहायक अधीक्षक श्री इरन्ना रंगपुर को निलंबित कर दिया गया।
इसके अलावा बंगलूरू केंद्रीय कारागार के अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
किस मामले में सजा काट रहे हैं प्रज्वल रेवन्ना?
प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और जेडी(एस) नेता एचडी रेवन्ना के बेटे हैं। उन्होंने 2019 से 2024 तक लोकसभा में हासन निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
मई 2024 में उन्हें यौन उत्पीड़न से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया गया था। बाद में एक मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया। बंगलूरू की विशेष अदालत ने अगस्त 2025 में उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई, जिसके बाद उन्हें परप्पना अग्रहारा केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

