जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: रघुबीर नगर के आर ब्लॉक में सोमवार तड़के एक चार मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर ई-रिक्शा की बैटरी फटने से आग लग गई। हादसे में झुलसे दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय सुफैद और 38 वर्षीय मोहम्मद सामिद के रूप में हुई है।
दमकल विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4:42 बजे रघुबीर नगर के आर ब्लॉक स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जांच के दौरान पता चला कि इमारत की पहली मंजिल पर ई-रिक्शा की बैटरी फटने के बाद घरेलू सामान में आग लग गई थी। आग की चपेट में आने से सुफैद और मोहम्मद सामिद गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए रघुबीर नगर स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दमकल कर्मियों ने करीब 5:25 बजे आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

