जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘रूपा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के जरिए उनके कमबैक की खबरों के साथ ही को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनकी कथित लिंकअप की अफवाहें भी सुर्खियां बटोर रही हैं। दोनों के बीच उम्र के अंतर को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब अभिनेत्री सोमी अली ने गोविंदा का बचाव करते हुए उम्र और कलाकारों के काम को लेकर अपनी राय रखी है।
सुनीता आहूजा के बयान के बाद बढ़ी चर्चा
गोविंदा और कोमल रानी को हाल ही में फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में एयरपोर्ट पर साथ देखा गया था। इसके बाद गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा की प्रतिक्रिया भी सामने आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनीता ने कम उम्र की अभिनेत्री के साथ गोविंदा के घूमने पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाए थे। उनके इस बयान के बाद गोविंदा और कोमल रानी के कथित रिश्ते को लेकर चर्चा और तेज हो गई।
सोमी अली ने किया गोविंदा का बचाव
इस पूरे विवाद के बीच अभिनेत्री सोमी अली ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर गोविंदा का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वह गोविंदा को निजी और पेशेवर दोनों स्तरों पर जानती हैं, इसलिए उनके बारे में अपनी बात रखना जरूरी समझती हैं।
सोमी ने गोविंदा को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के बेहतरीन प्रतिभाशाली कलाकारों में से एक बताते हुए कहा कि अपने करियर के दौरान वह उनसे मिले सबसे विनम्र अभिनेताओं में शामिल हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा, दोनों का सम्मान करती हैं।
‘टैलेंट की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती’
सोमी अली ने उम्र के अंतर को लेकर हो रही आलोचना पर कहा कि किसी अभिनेता का कम उम्र की अभिनेत्री के साथ काम करना अपने आप में गलत नहीं है। उनके मुताबिक, टैलेंट की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती।
उन्होंने कहा कि जब किसी कलाकार के लिए काम मिलना मुश्किल हो सकता है, ऐसे समय में लगातार काम करते रहने का फैसला सम्मान के योग्य है, उसका मजाक नहीं उड़ाया जाना चाहिए। सोमी के अनुसार, किसी अभिनेता की कीमत उसकी उम्र या उसके को-स्टार की उम्र से तय नहीं होती, बल्कि उसके टैलेंट, प्रोफेशनलिज्म और काम करने की इच्छा से तय होती है।
‘हर अभिनेता को खुद को साबित करने का मौका मिलना चाहिए’
सोमी अली ने अपने पोस्ट में आगे कहा कि जब किसी कलाकार को दोबारा काम करने का मौका मिले तो उसका स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर अभिनेता को यह साबित करने का अवसर मिलना चाहिए कि उसके पास अभी भी दर्शकों के लिए कुछ सार्थक देने की क्षमता है।
उन्होंने उम्र को लेकर होने वाली आलोचना पर भी आपत्ति जताई और कहा कि उम्र को किसी ऐसे व्यक्ति के खिलाफ हथियार नहीं बनाया जाना चाहिए, जो अपनी आजीविका कमाने और अपने पसंद के काम को जारी रखने की कोशिश कर रहा है।
गोविंदा के साथ काम कर चुकी हैं सोमी अली
सोमी अली और गोविंदा ने अपने करियर के दौरान ‘आंदोलन’ और ‘अग्निचक्र’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। सोमी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के साथ गोविंदा के साथ पुरानी तस्वीरें भी साझा कीं। उनके इस बयान के बाद एक बार फिर गोविंदा के कमबैक और फिल्म ‘रूपा’ को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

