नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। निजी जिंदगी को लेकर लगातार सामने आ रही अफवाहों के बीच अभिनेता गोविंदा ने इंटरनेट यूजर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक पब्लिक नोटिस जारी किया है। इसमें उन्होंने अपने और अपने परिवार से जुड़ी झूठी, मानहानि करने वाली या बिना पुष्टि की गई जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की चेतावनी दी है। यह नोटिस उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की हालिया वायरल बातचीत के बाद सामने आया है।
AI से बनाए गए कंटेंट पर जताई आपत्ति
आईएएनएस के मुताबिक, गोविंदा के पब्लिक नोटिस में खास तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए तैयार किए गए फोटो, वीडियो, ऑडियो, इमेज और अन्य डिजिटल कंटेंट का जिक्र किया गया है।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि गोविंदा ने किसी भी व्यक्ति को AI तकनीक के जरिए उनकी पहचान, निजी जानकारी या परिवार से जुड़ी जानकारी बनाने, उसमें बदलाव करने या उसका इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी है।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
पब्लिक नोटिस में कहा गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसमें मानहानि, निजता के उल्लंघन, पहचान के दुरुपयोग और साइबर अपराध से जुड़े मामले शामिल हो सकते हैं। नोटिस में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की संबंधित धाराओं का भी हवाला दिया गया है।
गोविंदा ने यह भी कहा है कि वह दोषियों के खिलाफ अदालत से विभिन्न तरह के कानूनी आदेश हासिल करने का अधिकार रखते हैं। नोटिस के मुताबिक, कथित तौर पर दोषी पाए जाने वाले लोगों से 100 करोड़ रुपये तक के हर्जाने की मांग भी की जा सकती है।
फर्जी खबरों को लेकर जताई चिंता
नोटिस में उन यूट्यूब चैनलों और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी कार्रवाई की बात कही गई है, जिन पर गोविंदा के बारे में जानबूझकर भ्रामक या झूठी खबरें फैलाने का आरोप है।
अपने पुराने अनुभवों का हवाला देते हुए अभिनेता ने चिंता जताई है कि इस तरह की खबरें उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की सुनियोजित कोशिश हो सकती हैं। पब्लिक नोटिस के जरिए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी अपुष्ट खबरों और अफवाहों के प्रसार पर रोक लगाने की कोशिश की है।
2019 में आखिरी बार फिल्म में आए थे नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो गोविंदा आखिरी बार 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘रंगीला राजा’ में नजर आए थे।

