जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। सितंबर महीने में उनके बिजली बिल में ईंधन एवं बिजली खरीद समायोजन अधिभार (एफपीपीएएस) के तहत 7.93 प्रतिशत की कमी की जाएगी। इस संबंध में पावर कॉरपोरेशन ने आदेश जारी कर दिया है। इससे प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को कुल मिलाकर करीब 604 करोड़ रुपये की राहत मिलने की उम्मीद है।
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि सितंबर माह के लिए एफपीपीएएस में 7.93 प्रतिशत की कमी का आदेश जारी हो चुका है। इसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को उनके बिजली बिल में मिलेगा। इससे पहले भी लगातार दो महीनों में उपभोक्ताओं को एफपीपीएएस में राहत दी गई थी। जुलाई में 4.43 प्रतिशत और अगस्त में 2.92 प्रतिशत की कमी की गई थी। सितंबर में यह राहत बढ़कर 7.93 प्रतिशत हो गई है।
वास्तविक बिजली खरीद लागत के आधार पर हो समायोजन
विद्युत नियामक आयोग ने एफपीपीएएस की गणना को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार समायोजन संबंधित अवधि की वास्तविक विद्युत खरीद लागत और अनुमन्य ट्रांसमिशन शुल्क के आधार पर ही किया जाना चाहिए। उपभोक्ता परिषद का कहना है कि निर्धारित नियमों के अनुसार एफपीपीएएस की गणना होने से बिजली उपभोक्ताओं को वास्तविक राहत का लाभ मिलेगा। सितंबर में लागू होने वाली 7.93 प्रतिशत की कमी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

