जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: घरेलू वायदा बाजार में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों कीमती धातुओं के भाव करीब 1.5 प्रतिशत तक चढ़ गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में बढ़त दर्ज की गई।
सोना 1,52,100 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला
एमसीएक्स पर सोने का 5 अक्टूबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,50,809 रुपए प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,291 रुपए यानी 0.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,52,100 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला।
दोपहर 12 बजे सोना 953 रुपए यानी 0.63 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,51,762 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,51,450 रुपए प्रति 10 ग्राम का निचला स्तर और 1,52,100 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।
चांदी में 1.40 प्रतिशत की तेजी
सोने के साथ चांदी के भाव में भी मजबूत बढ़त देखने को मिली। एमसीएक्स पर चांदी का 4 दिसंबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,32,118 रुपए प्रति किलो के मुकाबले 3,667 रुपए यानी 1.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,35,785 रुपए प्रति किलो पर खुला।
दोपहर 12 बजे चांदी 3,250 रुपए यानी 1.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,35,988 रुपए प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,34,540 रुपए प्रति किलो का न्यूनतम और 2,35,988 रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के भाव में तेजी रही। कॉमेक्स पर सोना 0.77 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,366 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी में 1.96 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और इसका भाव 65 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
फेड के फैसले पर निवेशकों की नजर
बाजार की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की दो दिवसीय बैठक के फैसले पर भी है। ब्याज दरों से जुड़े फैसले का ऐलान बुधवार देर शाम किया जाना है। यह फैसला ऐसे समय में आ रहा है जब मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमत करीब चार महीनों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है।
इसके अलावा अमेरिकी बॉन्ड यील्ड के 5 प्रतिशत से ऊपर जाने के कारण भी वैश्विक बाजारों में सतर्कता बनी हुई है। ऐसे में फेड के ब्याज दर संबंधी फैसले और उसके संकेतों पर निवेशकों की खास नजर है।

