जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रहने के आसार हैं। बृहस्पतिवार आधी रात के बाद शुरू हुई बारिश शुक्रवार को प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं तेज रही। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, 62 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है। लगातार बारिश के चलते मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक दर्ज बारिश की करीब चार फीसदी कमी भी पूरी हो गई है।
19 जिलों में स्कूल बंद
बारिश की स्थिति को देखते हुए शनिवार को प्रदेश के 19 जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला किया गया है। इन जिलों में नर्सरी से लेकर डिग्री कॉलेज तक के शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। चार जिलों में कक्षा आठ तक, जबकि अन्य जिलों में कक्षा 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के इस फैसले का सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह ने भी समर्थन किया है।
नए मौसम तंत्र से बढ़ी बारिश
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम तंत्र के पश्चिमी विक्षोभ के साथ मिलने से उत्तर प्रदेश में बारिश का प्रभाव बढ़ा है। शनिवार को प्रदेश के और अधिक हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और कई जगह यह सामान्य से नीचे पहुंच गया है।
खेतों में बिछी धान की फसल
लगातार बारिश और तेज हवाओं का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। कई इलाकों में खेतों में खड़ी धान समेत अन्य फसलें बारिश और हवा के कारण जमीन पर गिर गई हैं। जौनपुर, मिर्जापुर और आजमगढ़ में धान की फसल के खेतों में बिछने की सूचना है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है और उन्हें फसल खराब होने के साथ-साथ उत्पादन प्रभावित होने का भी डर सता रहा है।

