जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 18 जिलों की चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है। सोमवार को मेरठ के जेल चुंगी रोड स्थित ऊर्जा भवन में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा समेत आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
पूर्वाह्न 10:30 बजे से शुरू हुई बैठक में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडलों के अंतर्गत आने वाले 18 जिलों की निर्वाचन तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की जा रही है। बैठक में संबंधित मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।
समीक्षा के दौरान संबंधित जिलों के अधिकारियों की ओर से निर्वाचन तैयारियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और अब तक हुई प्रगति का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया जा रहा है। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी प्रस्तुतिकरण के आधार पर जिलावार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में मेरठ मंडल के मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और हापुड़; सहारनपुर मंडल के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली; मुरादाबाद मंडल के अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और संभल तथा अलीगढ़ मंडल के अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज जिले शामिल हैं। इस तरह चार मंडलों के सभी 18 जिलों की चुनावी तैयारियां आयोग की समीक्षा के दायरे में हैं।

