- जिला हरिद्वार से हुई थी शादी, परिजनों के सामने पति ने दिया था तीन तलाक
जनवाणी संवाददाता |
कोतवाली देहात: पत्नी के साथ मारपीट करने व तीन तलाक देने के आरोपित को पकड़कर कोतवाली देहात पुलिस ने संबंधित धारा में चालान कर जेल भेजा। आरोपी ने पत्नी के परिजनों के सामने ही तलाक-तलाक-तलाक दिया था।
थाना क्षेत्र के गांव मखवाड़ा निवासी इकराना पुत्री यामीन ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि उसकी शादी शाहनवाज उर्फ सोनू पुत्र मेहंदी हसन निवासी बाकरपुर थाना लक्सर जिला हरिद्वार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही शाहनवाज उर्फ सोनू उसके साथ मारपीट करता था।
इसके चलते वह पिछले काफी समय से अपने मायके में रह रही है। कुछ दिन पूर्व शाहनवाज उर्फ सोनू व उसके दो अन्य साथी उसके मायके आये तथा उसके साथ मारपीट करते हुए उसके परिजनों के सामने उसे तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने धारा 498, 323, 3/4 मुस्लिम विवाह अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया। शनिवार को पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव अकबराबाद तिराहे से भागने की फिराक में खड़े शाहनवाज उर्फ सोनू को पकड़ा तथा आरोपित का संबंधित धारा में चालान कर जेल भेज दिया।

