जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जनपद में अनलॉक-4 का पूरी तरह से पालन कराने के लिए पुलिस सड़कों और बाजारों में मुस्तैद हो गई है। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को थानाध्यक्ष सदर और थानाध्यक्ष लालकुर्ती ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस ने बाजारों में बिना मास्क पहने बैठे व्यापारियों सहित उनकी दुकानों पर आए ग्राहकों के चालान भी काटे। सदर थाने के प्रभारी विजय कुमार गुप्ता के साथ बृहस्पतिवार की सुबह से ही थाने की फोर्स क्षेत्र के बाजारों में उतर पड़ी।
पुलिस ने सदर सराफा बाजार, शिव चौक और दाल मंडी सहित क्षेत्र के अन्य बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने जहां अनाउंसमेंट करते हुए बाजार के व्यापारियों और बाजार में आए अन्य लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए जागरूक किया।
वहीं, सघन चेकिंग करते हुए बाजार में बिना मास्क पहने दुकानों पर बैठे कई व्यापारियों और उनके कर्मचारियों के चालान भी काटे गए। इसी के साथ बाजार में बिना मास्क पहने घूम रहे अन्य लोगों के चालान भी काटे गए। थानाध्यक्ष सदर ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
वहीं लालकुर्ती थाना प्रभारी रवेन्द्र पलावत ने बताया कि लालकुर्ती पैंठ में चलाए गए अभियान में 5200 रुपये के चालान किये गए।

