- 26 जनवरी को स्कूलों में प्रधानाचार्य के साथ छात्रा से कराएं ध्वजारोपण
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: डीएम रमाकान्त पाण्डेय ने जिला प्रोवेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि मिशन शक्ति कार्यक्रम को सफलता के साथ संचालित करने के लिए ‘बेटी बचाओ बेटी पढाओं’ योजना का व्यापक रूप से प्रचार कराएं। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि 26 जनवरी को स्कूलों में प्रधानाचार्य के साथ छात्रा से ध्वजारोहण कराएं और मिशन शक्ति कार्यक्रम में योगदान देने वाली छात्राओं को सम्मानित भी करें।
डीएम रमाकांत पाण्डेय ने कलैक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान व स्वालाम्बन के लिए मिशन शक्ति कार्यक्रम के संचालन के लिए गठित समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिए।
उन्होंने माह जनवरी एवं फरवरी में मिशन शक्ति में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 से 20 जनवरी के मध्य ‘बेटी बचाओ बेटी पढाओं’, बाल संरक्षण समिति, बाल विवाह टास्क फोर्स, वन स्टाप टास्क फोर्स की संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन, 21 जनवरी को जेन्डर चैम्पियन्स्, मेधावी छात्राओं का सम्मान, 22 जनवरी को कन्या जन्मोत्सव, मां बेटी को उपहार वितरण कार्यक्रम, 23 जनवरी को वन स्टाप केंद्रों का उद्घाटन, 24 जनवरी को मेधावी बालिकाओं को एक दिन की सांकेतिक अधिकारी नियुक्त कार्यक्रम, 26 जनवरी को जेन्डर चैम्पियन महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा झंडारोहण, 27 जनवरी से 13 फरवरी तक महिलाओं तथा बच्चों से संबंधित कानूनों के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम, 15 फरवरी को प्रशासन की पाठशाला कार्यक्रम, 18 फरवरी को ‘बेटी बचाओ बेटी पढाओं’ के अन्तर्गत खेलकूद प्रतियोगिता, 24 फरवरी को हक की बात डीएम के साथ तथा 25 फरवरी को जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन किया जायेगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनोद कुमार गौड, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

