- कार्यक्रम में आए अतिथियों की थी कारें, मचा हड़कंप
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: गांव बलवा में पूर्व सांसद हुकुम सिंह की आदमकद प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान वहां तीन गाड़ियों में भयंकर आग लगने से हड़कंप मच गया। अतिथियों के चालकों व अन्य लोगों ने अन्य गाड़ियों को वहां से हटवाया। साथ ही ग्रामीणों समेत दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
बुधवार को शामली के गांव बलवा गुजरान स्थित गोगामाढी के सामने स्थित स्कूल में पूर्व सांसद हुकुम सिंह की तीसरी पुण्यतिथि के मौके पर प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम चल रहा था। वहां काफी अतिथि अपनी गाडियों से पहुंचे थे। कांधला क्षेत्र के गांव मीमला निवासी संदीप चौहान, गांव डूढार निवासी सुरेन्द्र कुमार व कैराना क्षेत्र के गांव सहपथ निवासी राहुल कुमार भी अपनी-अपनी गाडियों में साथियों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे।
सभी गाडियों के साथ उन्होंने भी कार्यक्रम स्थल के निकट प्रमोद कुमार के ईख के खेत में गाडियों को खडी कर दी थी। जब कार्यक्रम चल रहा था तो अचानक ही किसी ने ईख कटने के बाद वहां पड़ी पत्ती में आग लगा दी। आग धीरे धीरे गाडियों तक पहुंची तो तीनों गाडियों ने आग पकड ली।
देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। आग लगने पर वहां अफरा-तफरी मच गई। अन्य अतिथियों के ड्राइवर व अन्य लोग वहां पहुंचे और अपनी-अपनी गाडियों को हटाया। दमकल विभाग के कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया था।
कैराना क्षेत्र के गांव सहपथ निवासी राहुल कुमार ने किसी तरह अपनी सैंट्रो गाडी को बचा लिया। जबकि दो अन्य गाडियां ब्रेजा व शिफ्ट गाडी पूरी तरह से जल गई। वहीं खेत मालिक प्रमोद कुमार का कहना है कि उसने खेत में पत्ती में कोई आग नहीं लगाई।
गाडी मालिक संदीप चौहान व सुरेन्द्र कुमार का कहना है कि जब उन्होंने गाडी खडी की तो वहां आग नही लगाई गई थी, खेत में सिर्फ पत्ती पड़ी थी, किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाई गई है। जिसकी शिकायत पुलिस से की जाएगी।

