- गोताखोर को देर शाम मिला किशोर का शव
जनवाणी ब्यूरो |
कैराना: क्षेत्र के गांव खुरगान में यमुना नदी के तट पर प्रात: के समय स्नान करते समय एक किशोर अचानक गहरे पानी में जाने के कारण डूब गया। किशोर के डूबने का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गोताखार किशोर की तलाश कर रहे थे लेकिन देर शाम तक भी किशोर का पता नहीं लग सका था।
सोमवार की सुबह करीब 10 बजे गांव खुरगान गांव निवासी हाजी जमशेद का 8 वर्षीय बेटा अपने अन्य तीन साथियों के साथ यमुना नदी में नहा रहा था। तभी यमुना नदी में नहाते समय किशोर जावेद अचानक गहरे पानी में समा गया।
वहीं यमुना में डूब रहे किशोर को देख अन्य बच्चों ने शोर मचा दिया। जिसके बाद ग्रामीण एवं जमीयत यूथ क्लब की टीम मौके पर पहुंची। जमीयत यूथ क्लब की टीम किशोर की यमुना में तलाश की, लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चल पाया।
जमीयत यूथ क्लब के स्काउट मास्टर मौलाना इरफान ने बताया कि यमुना में किशोर के डूबने की सूचना पर वे मौके पहुंचे तथा ट्यूब एवं अन्य चीजों के माध्यम से यमुना में डूबे किशोर की तलाश की।
वहीं यमुना में किशोर के डूबने की सूचना पर तहसीलदार प्रवीण कुमार गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने किशोर का शव शाम को यमुना से बरामद कर लिया।
तहसीलदार प्रवीण कुमार ने बताया कि गोताखोरों की मदद से यमुना में डूबे किशोर का शव शाम करीब 5 बजे घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर मिला है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों की मांग पर उनको सौंप दिया। तलाश कराई जा रही है। शाम तक किशोर का कोई पता नहीं चल पाया था।

