- तीरंदाज निष्ठा गुप्ता का प्रदेश की तीरंदाजी प्रतियोगिता में हुआ चयन
जनवाणी ब्यूरो |
बरूकी: थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम शादीपुर निवासी निष्ठा गुप्ता का चयन प्रदेश में तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए चयनित निष्ठा को मथुरा सांसद हेमा मालिनी ने आशीर्वाद दिया।
ग्राम शादीपुर निवासी विवेक गुप्ता की नौ वषीर्या पुत्री निष्ठा गुप्ता का चयन प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। निष्ठा मथुरा जनपद की ओर से प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। वर्तमान में मथुरा स्थित मथुरा आर्चरी अकादमी में छह जनपद के चयनित खिलाड़ियों का कैंप लगा हुआ है।
कैंप में खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां बताई जा रही हैं। मथुरा की सांसद एवं सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी भी कैंप में पहुंची और उन्होंने निष्ठा को आशीर्वाद दिया तथा निष्ठा के उज्जवल भविष्य की कामनाएं की। हेमा मालिनी ने निष्ठा से उसकी खेल गतिविधियों की जानकारी भी ली।
मथुरा आर्चरी एकेडमी के मुख्य कोच योगेंद्र सिंह राणा के मार्ग दर्शन में खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रतियोगिता 20 फरवरी से 26 फरवरी तक हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर में खेली जाएगी। प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे तथा यहीं से राष्ट्रीय स्तर के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

