जनवाणी संवाददाता |
शामली: नगर के बनखंडी रोड स्थित संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय बालक जूनियर हाई स्कूल का प्रिंट समृद्ध वातावरण बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों को भी अपनी ओर आकर्षित कर रहा है जिससे विद्यालय एक नए क्लेवर में नजर आ रहा है।
उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय बालक जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक नीरज गोयल द्वारा बहुत ही आकर्षक एवं ज्ञानदायक पेंटिंग के द्वारा विद्यालय को आकर्षक बनाने का प्रयास किया गया है। नया क्लेवर बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी बेहद पसंद आ रहा है।
गौरतलब है कि कोविड-19 के चलते जहां एक लंबे समय से विद्यालय बंद रहे हैं। 15 फरवरी से शासन के आदेश अनुसार कक्षा 6 से 8 तक के स्कूल खोल दिए गए थे। एक मार्च से प्राथमिक कक्षाओं के लिए भी विद्यालय खुल रहे हैं। इसी को देखते हुए प्रधानाध्यापक ने विद्यालय को आकर्षक बनाने के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से रविवार को ही पूरे विद्यालय को सैनेटाइज भी करा दिया गया है।