जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: नगर स्थित गुलाब सिंह हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में कुलवंत सिंह व महिला वर्ग में टिम्पल ने चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया।महाविद्यालय के अध्यक्ष द्वारा खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
नगर के गुलाब सिंह हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में बीए प्रथम वर्ष के छात्र कुलवंत व छात्रा टिम्पल ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया।
प्रतियोगिता समापन के उपरांत कॉलेज परिसर में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह का शुभारंभ प्रबंध समिति के आजीवन अध्यक्ष कुंवर धीरेंद्र प्रताप सिंह व एसआई मदनपाल सिंह तथा महाविद्यालय की प्राचार्य साधना ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि खेल से जहां शरीर स्वस्थ रहता है वही छात्र-छात्राओं का मानसिक विकास भी होता है। वक्ताओं ने कहा कि खेल के माध्यम से छात्र-छात्राएं अपना नाम रोशन करते हैं।
विद्यालय प्रबंध समिति के आजीवन अध्यक्ष कुंवर धीरेंद्र प्रताप सिंह द्वारा प्रतियोगिता के चैंपियन बने कुलवंत व टिम्पल पिंपल के साथ ही अन्य श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खेल प्रतियोगिता को सफल बनाने में क्रीड़ा सचिव अशोक कुमार के साथ ही डॉक्टर अनिल वर्मा, दिनेश सिंह , महिपाल सिंह , कुलदीप सिंह ,जैनुल आबेदीन, ज्ञानेंद्र सिंह ,राजकुमार ,केसर कमल शर्मा , विनोद कुमार आदि का योगदान रहा।

