- अधिवक्ता सुसाइड केस में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
जनवाणी संवाददाता |
बडौत: अधिवक्ता सुसाइड केस में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित वकीलों की पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में गुरुवार को हड़ताल रही। इन सभी जिलों में वकीलों ने अपने चेम्बरों पर तालाबंदी करते हुए जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और कलक्ट्रेट पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
रेवेन्यू बार एसोसिएशन बडौत के अध्यक्ष आनन्दपाल तोमर के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील में जुलूस निकाला। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न्याय देने की मांग की। एसोसिएशन के अध्यक्ष आनन्दपाल तोमर ने कहा कि गंगानगर में 13 फरवरी को अधिवक्ता ओंकार सिंह तोमर ने सुसाइड किया था।
इस केस में भाजपा विधायक समेत 14 लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस अब तक सिर्फ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पाई है। इसे लेकर वकील हड़ताल और क्रमिक अनशन पर हैं। अधिवक्ताओं का कहना था कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान महामंत्री दिनेश शर्मा, धर्मवीर सिंह, मदनलाल तेजान, हरबीर सिंह, सतपाल पंवार, वेदपाल पंवार, कुलदीप ख़ोखर आदि मौजूद रहे।

