Friday, March 6, 2026
- Advertisement -

24 घंटे में दो हत्याओं से थर्राया शहर, पुलिस के हाथ खाली

  • सर्राफ अमन जैन और जिम ट्रेनर के हत्यारों का नहीं लगा सुराग
  • व्यापारियों में दिन भर रहा आक्रोश, समाजवादी पार्टी के नेताओं ने दिया धरना

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: महानगर में बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए है। अनलॉक-4 में बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। यही कारण है कि 24 घंटे में दो हत्याएं होने से दहशत का माहौल बन गया है।

पुलिस के हाथ फिलहाल खाली है और बदमाश फरार है। जागृति विहार में सर्राफ अमन जैन की हत्या और 10 लाख नकद और पांच किलो चांदी की लूट के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी और संयुक्त व्यापार संघ ने धरना देकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की वहीं युवा व्यापार मंडल ने शास्त्रीनगर ए ब्लॉक के सामने सड़क जाम कर दी।

वहीं, दूसरी ओर दौराला में जिम ट्रेनर की हत्या के मामले में पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन छेड़ने का ऐलान कर दिया है। इन घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश है और पीड़ित दोनों परिवारों को 50-50 लाख की मदद की मांग की है।

जागृति विहार सेक्टर दो में रहने वाले सतीश चन्द्र जैन की भागमल ज्चैलर्स की दुकान है। मंगलवार को चार बाइक सवार बदमाशों ने दुकान में घुसकर सर्राफ सतीश चन्द्र जैन को आतंकित कर 10 लाख रुपये नगद और पांच किलो चांदी लूट ली थी। बदमाश जब लूट के बाद बाहर जा रहे थे तभी सर्राफ के बेटे अमन जैन ने एक बदमाश को पीछे से पकड़ लिया था। इसको लेकर बदमाश ने अमन की कनपटी में गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में दुकान के आसपास के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से पुलिस को कोई फायदा नहीं हुआ क्योंकि तीन बदमाश हेलमेट पहने हुए थे जबकि एक बदमाश चेहरे पर अंगोछा बांधे हुए था। पुलिस ने दूसरे दिन सर्राफ के घर जाकर परिजनों से बातचीत की और आसपास के लोगों से तमाम जानकारियां जुटाई।

सीओ सिविल लाइन पूनम सिरोही का कहना है कि अभी सुराग लगाए जा रहे है। कुछ नाम सामने आ रहे है और उन पर वर्क किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे से कुछ खास हाथ नहीं लगा है। वहीं, पुलिस ने लुटेरों की कुंडली खंगालनी शुरु कर दी है और शातिर लुटेरों की धरपकड़ के लिये टीमें लगा दी गई है। वहीं, पूछताछ के लिये संदिग्ध लोगों को उठाया जा रहा है।

एडीजी से मिले व्यापारी नेता

सर्राफ हत्याकांड में बदमाशों को पकड़ने की मांग को लेकर संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता, महामंत्री सरदार दलजीत सिंह, उपाध्यक्ष कमल ठाकुर आदि एडीजी राजीव सभरवाल से मिले और कहा कि जघन्य कांड का खुलासा शीघ्र किया जाए और बदमाशों को पकड़ा जाए। अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा अहम् है और इसमें पुलिस लापरवाही न करे।

मेरठ व्यापार मंडल ने लगाया जाम

सर्राफ हत्याकांड को लेकर मेरठ व्यापार मंडल के जीतू नागपाल, शैंकी वर्मा आदि के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने शास्त्रीनगर पीवीएस रोड पर जाम लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

इस दौरान व्यापारियों की सीओ सिविल लाइन पूनम सिरोही से तीखी नोकझोंक हुई। व्यापारियों ने घटना का जल्द खुलासा न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। सीओ पूनम सिरोही और एसीएम चंद्रेश कुमार ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। मृतक के पिता सतीशचंद्र जैन ने पुलिस कार्रवाई के प्रति असंतोष जताते हुए कहा कि हत्यारों को पकड़ने की बजाय पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है कि उनके पास 10 लाख रुपये कहां से आए।

व्यापार मंडल ने बाजार बंद कराया

जागृति विहार में हुई घटना के विरोध में जागृति विहार व्यापार मंडल समिति के महामंत्री मनोज गोयल व अध्यक्ष अतुल अग्रवाल के नेतृत्व में सभी व्यापारियों ने अपनी स्वेच्छा से पूरे बाजार को बंद कराया और पदैल मार्च निकालते हुए घटनास्थल पर पहुंचे और मांग की है कि पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से आर्थिक मदद मिले।

पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए और आरोपी पकड़े जाएं। इस मौके पर सचिव अमित शर्मा, उपाध्यक्ष सचिन रस्तोगी ने मार्केट बन्द करने का आह्वान किया है, पीड़ित परिवार को न्याय की मांग की है। सभासद समीर चौहान, नरेश, राजेश, सचिन वाधवा, रोबिन गुप्ता, पवन मयंक रस्तोगी आदि मौजूद थे।

सर्राफा एसोसिएशन कप्तान से मिली

मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के बैनर तले विजय आनंद अग्रवाल के साथ दर्जनों लोग एसएसपी अजय साहनी से मिले। जिले के ज्वैलर्स ने सुनारों के साथ आए दिन होने वाली घटनाओं पर रोष जताते हुए जागृति विहार में हुई घटना के खुलासे की मांग की। इसके साथ बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल बरामद करने की मांग उठाई। एसएसपी अजय साहनी ने ज्वैलर्स को घटना के जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।

सर्राफ लूट और हत्याकांड में एसओ मेडिकल सस्पेंड

जागृति विहार सेक्टर दो स्थित भागमल ज्वैलर्स के मालिक सतीश चंद्र जैन को घायल कर 10 लाख रुपये नकद और पांच किलो चांदी लूटने के बाद बदमाशों ने सर्राफ के बेटे अमन जैन की गोली मारकर हत्या के मामले में लापरवाही बरतने के कारण एसएसपी ने बुधवार को एसओ मेडिकल कुलबीर सिंह को सस्पेंड कर दिया है।

एसओ के खिलाफ संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों के अलावा खुद सीओ सिविल लाइन ने यह कहकर नाराजगी जाहिर की थी कि एसओ मेडिकल उनका फोन नहीं उठाते हैं। एसएसपी ने बुधवार को टीपी नगर थाने के दारोगा देवेन्द्र सिंह को मेडिकल थाने का एसओ बनाया है।

सर्राफ अमन जैन की हत्या के कारण व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर आ गया था। यह मौके के हालात को देखते हुए स्वाभाविक भी था। व्यापारियों का गुस्सा इस बात पर ज्यादा था कि हत्या के तुरंत बाद जब लोगों ने मदद के लिये एसओ मेडिकल को फोन मिलाने शुरु किये तो उनका फोन नहीं उठाया गया। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता और सीओ सिविल लाइन पूनम सिरोही आदि को फोन जब नहीं उठा तो मामले ने तूल पकड़ लिया।

एसएसपी अजय साहनी से एसओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन पुलिस ने घटना के घंटों बाद तक कार्रवाई नहीं की। जब इसकी जानकारी लखनऊ में बैठे आला अधिकारियों को हुई तो एसओ के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद एसओ मेडिकल कुलबीर सिंह को निलंबित कर दिया गया। उसकी जगह टीपी नगर थाने के दारोगा देवेन्द्र सिंह को एसओ की जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा विधायक का करीबी बताया जाता है एसओ

थानाध्यक्ष मेडिकल कुलवीर सिंह भाजपा के एक विधायक के करीबी बताए जाते हैं। पहले भी कई बार कुलवीर सिंह पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। उधर, भाजपा एमएलए के करीबी एसओ का विकेट गिरने के बाद भाजपा के जनप्रतिनिधियों के कारण एसओ की कुर्सी पर जमे जिले के कई अन्य थानेदारों में भी हड़कंप मचा है।

लूटकांड व्यापारियों ने लगाया जाम

मंगलवार को मेडिकल थाना क्षेत्र में लूट के बाद सर्राफ की हत्या को लेकर शहर भर में आक्रोश है। व्यापारी मंडल नेता जीतू नागपाल के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने शास्त्रीनगर पीवीएस रोड पर जाम लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान व्यापारियों की सीओ सिविल लाइन पूनम सिरोही से तीखी नोकझोंक हुई। व्यापारियों ने घटना का जल्द खुलासा न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

उधर, मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के बैनर तले विजय आनंद अग्रवाल के साथ दर्जनों लोग एसएसपी अजय साहनी से मिले। जिले के ज्वैलर्स ने सुनारों के साथ आए दिन होने वाली घटनाओं पर रोष जताते हुए जागृति विहार में हुई घटना के खुलासे की मांग की। इसके साथ बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल बरामद करने की मांग उठाई। एसएसपी अजय साहनी ने ज्वेलर्स को घटना के जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
सपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, धरना दिया

सर्राफ के आवास पर ही व्यापारी नेताओं से बहस

जागृति विहार में सर्राफ के घर लाखों की लूट व हत्या को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घर के बाहर घंटों धरना दिया और प्रदेश सरकार को बढ़ते अपराधों के कारण जमकर कोसा। इस दौरान सपा नेताओं की व्यापारी नेताओं से झड़प हो गई और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव करके माहौल शांत कराया।

बुधवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं अतुल प्रधान, आदिल चौधरी, विपिन मनोठिया आदि सर्राफ सतीश चंद्र जैन के जागृति विहार स्थित आवास पर गए और पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी और कहा कि दु:ख की इस घड़ी में सपा आपके साथ है। सपा नेता अतुल प्रधान ने वहां मौजूद सीओ सिविल लाइन पूनम सिरोही और एसीएम चन्द्रेश कुमार से कहा कि बदमाश सरेआम लूटपाट व हत्या कर रहे हैं और पुलिस नाकाम हो रही है।

सपा नेताओं ने इस दौरान वहां मौजूद संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता और महामंत्री दलजीत सिंह चौधरी पर कमेंट करते हुए पार्टी के खिलाफ टिप्पणी कर दी। इससे दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई और उलटा सीधा बोलने लगे। वहां मौजूद अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया।

मृतक के पिता सतीश कुमार जैन ने पुलिस कार्रवाई के प्रति असंतोष जताते हुए कहा कि हत्यारों को पकड़ने की बजाए पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है कि उनके पास 10 लाख रुपये कहां से आए। संयुक्त व्यापार संघ के अरुण वशिष्ठ और अजय गुप्ता ने मौके पर पहुंचे एडीएम सिटी अजय कुमार तिवारी से पीड़ित परिवार को 50 लाख का मुआवजा दिए जाने की मांग की। सपा नेताओं ने कई बार सरकार विरोधी नारे भी लगाए।

दो हत्याओं ने विपक्ष को उतारा सड़कों पर

लंबे समय से नैपथ्य में चल रहे विपक्ष को पिछले 24 घंटे में हुई दो जघन्य हत्याओं ने सड़कों पर लाकर खड़ा कर दिया। इन घटनाओं से उस प्रदेश की छवि दांव पर लग गई जिस प्रदेश में आपरेशन ठोको के जरिये शातिर बदमाशों को ठिकाने लगाया जा रहा था। बुधवार को पूरे दिन जिस तरह से विपक्ष ने हल्ला काटा है उससे साफ दिखने लगा है कि आने वाले समय में विपक्षी पार्टियां प्रशासन को चेन से नहीं बैठने देंगी।

जागृति विहार में सर्राफ के साथ लूट व हत्या तथा दौराला में जिम ट्रेनर की हत्या से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता सड़कों पर उतर आए है। इस वर्ष ऐसा मौका एक बार भी नहीं आया जब भाजपा का विरोध करने के लिये इतनी तगड़ी लामबंदी की गई हो।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की ऐसी छवि बना दी थी जिसमें बदमाशों को अपराध करने से पहले 10 बार सोचना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अपराध लगातार होने और 24 घंटे में दो बड़ी घटनाएं होने से हालात एकबारगी बदल गए। यही कारण था कि एसओ मेडिकल को सस्पेंड करने के लिये शासन को कहना पड़ा।

जिस तरह से दिन भर सपा और कांग्रेस बवाल करती रही और रात होते होते सपा ने बेरोजगारी के मुद्दे पर अभियान छेड़ कर साफ संकेत दे दिये कि हर बड़े मुद्दे पर ऐसे ही विरोध होगा। अपराधमुक्त प्रदेश की छवि को ऐसी घटनाओं से नुकसान पहुंचता है और इन घटनाओं ने ऐसा कर भी दिया है।

दरअसल बड़े बड़े बदमाशों के एनकाउंटर में मार गिराने और माफियाओं के किले ध्वस्त करने से प्रदेश की छवि अलग तरह की बन गई थी, लेकिन हालिया घटनाएं साबित कर रही है कि बदमाशों को पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Jagdalpur: नक्सलियों को लगा झटका, नेपाल से गणपति गिरफ्तार, 15 नक्सली दे सकते हैं आत्मसमर्पण

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: नक्सलियों के मस्तिष्क और रणनीतिक...

‘हमारे घर तक आ गई जंग’, पश्चिम एशिया संकट पर राहुल ने पीएम मोदी से पूछा सवाल

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में...

Sonu Sood: सोनू सूद ने फिर दिखाई इंसानियत, दुबई फंसे लोगों को मदद का दिया भरोसा

नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत...
spot_imgspot_img