जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: इंग्लैंड के सीमित ओवरों के कप्तान इयोन मोर्गन ने गुरुवार को कहा कि आईपीएल खेलने से इंग्लैंड के क्रिकेटरों को काफी फायदा मिला है और इस ‘अनमोल अनुभव’ का उन्हें आगामी टी-20 विश्वकप में लाभ मिलेगा। इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी इस लीग में खेलने के लिए अक्सर मौजूदा क्रिकेटरों की आलोचना करते हैं।
मोर्गन ने वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि हमें आईपीएल से काफी फायदा मिला है और हम इसके लिए शुक्रगुजार हैं। इससे 2019 विश्वकप से पहले सीमित ओवरों के खेल में सुधार में काफी मदद मिली। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज आज से शुरू होगी।
पहले मैच से पूर्व मोर्गन ने कहा कि टी20 विश्वकप आसपास ही है और उम्मीद है कि हम दुनिया के सबसे बड़े टी-20 टूर्नामेंट में भाग लेते रहेंगे। हमें इससे अनुभव और आत्मविश्वास मिलता है। उन्होंने कहा कि निजी तौर पर उन्होंने आईपीएल में खेलकर काफी कुछ सीखा है।
मोर्गन ने कहा कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलकर बहुत कुछ सीखने को मिलता है। आईपीएल में पहले कुछ साल का जो अनुभव था, मैने वैसा कभी महसूस नहीं किया। मैंने इतने साल में बहुत कुछ सीखा। टी-20 विश्वकप भारत में अक्टूबर में होना है जबकि आईपीएल का अगला सत्र नौ अप्रैल से खेला जाएगा।

