जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: क्षेत्र के गांव लुहारी में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य पर उनकी प्रतिमा स्थापित किए जाने से पूर्व गांव के मुख्य बाजार में एक यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि देश पर मर मिटने वाले शहीदों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने देश की आजादी में इसलिए ही शहादत दी थी कि देशवासियों का भविष्य सुरक्षित हो।
ऐसे महान वीरों को सदा याद रखना चाहिए। उनके आदर्शों से प्रेरणा पाकर उन जैसे जज्बात दिखाने चाहिए। किसी पर अत्याचार को सहन नहीं करना और न ही किसी पर अत्याचार करना चहिए। वक्ताओं ने कहा कि शहीदे आजम भगत सिंह का देश की आजादी में बड़ा योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान हम सभी का कर्तव्य है। ऐसे पवित्र अवसरों पर ऐसे महान लोगों को याद किया जाना चाहिए। जिससे आने वाली पीढ़ियों को भी उनके जीवन की बातों का पता लग सके। यज्ञ अवसर पर यजमान ग्राम प्रधान सुधीर कुमार रहे। यज्ञ के ब्रह्मा देवेंद्र शर्मा रहे। यज्ञ में अशोक कुमार, अनिल चौहान, कुलदीप, संजीव कुमार, महाराज सिंह, नरेंद्रपाल, अमरपाल आदि का सहयोग रहा।

