- ग्रामीणों को जल्द ही समस्या के निवारण का आश्वासन दिया
जनवाणी संवाददाता |
हरिद्वार: हरिद्वार देहरादून सीमा पर स्थित हरिपुरकलां के ग्रामीण इन दिनों आंदोलन की राह पर है। मोतीचूर फ्लाईओवर बन जाने के बाद इस ग्राम सभा की अपनी ही तहसील से कनेक्टविटी खत्म हो गयी है। ग्रामसभा के लोगो को अगर देहरादून व ऋषिकेश जाना हो तो उन्हें पहले फ्लाईओवर पर चढ़ने के लिए 4 से 5 किलोमीटर हरिद्वार की ओर जाना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा संकट यहाँ रहने वाले बुजुर्गों को उठाना पड़ रहा है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग अंडर पास और कनेक्टविटी रोड़ की मांग कर रहें है। कई बार ग्रामीणों द्वारा इस समस्या से स्थानीय विधायक और सांसद को अवगत भी कराया मगर रेल अधिकारी सुनने को तैयार नही है।
अब यहाँ के ग्रामीण उग्र आंदोलन को बाध्य हो रहे है। समस्या के निदान को लेकर हरिपुरकलां के ग्रामीणों ने शनिवार को मनोज जखमोला के नेतृत्व में हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक से मुलाकात की। पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद ने मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों को फोन पर ही जम कर फटकार लगाई। उन्होंने जल्द ही इस समस्या के निवारण का आश्वासन ग्रामीणों को दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि फ्लाईओवर के चलते ही यह समस्या पैदा हुई है। पूर्व में इस मार्ग को खुले रखने का आश्वासन उन्हें दिया गया था। मगर वर्तमान में वन महकमे ने इस मार्ग को बंद कर दिया। इसके साथ ही रेलवे ने भी अब फाटक को बंद कर देने के लिए बोर्ड लगा दिया है। ऐसे में स्थानीय लोगो को अपनी ही तहसील से काट दिया गया है।
भाजपा युवा मोर्चा पूर्व प्रदेश महामंत्री मनोज जखमोला कहा की अगर इस समस्या को लेकर जल्द ही कोई ठोस समाधान न निकला तो हरिपुरकलां पंचायत इस संबंध में उग्र आंदोलन को बाध्य होगी। ग्रामीणों को जल्द ही इस समस्या से छुटकारा दिलाया जाएगा। इस दौरान स्थानीय निवासी धर्मेंद्र मोहन, सुरेंद्र रयाल, मधुर शर्मा आदि लोग भी मौजूद रहे।

