- विरोध के चलते बैरंग लौटी खाद्य विभाग की टीम
- व्यापारियों ने लगाया आरोप, त्योहार आते ही उगाही के लिए आती है टीम
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: बिना पुलिस को लेकर सैंपल लेने पहुंची खाद्य विभाग की टीम को सैंपल लेना भारी पड़ गया। व्यापारियों ने विरोध कर हंगामा कर दिया। जिस कारण से टीम को बैरंग लौटना पड़ा। टीम थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची तो व्यापारी भी पहुंच गए और थाने पर भी हंगामा किया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
होली के त्योहार के नजदीक आते ही खाद्य विभाग की टीम भी सतर्क हो गई है। टीम सुबह सवेरे फेज दो स्थित जय अम्बे प्रोविजन स्टोर पर छापा मारा। जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। शोर मचा कि फर्जी टीम आ गई, व्यापारी एकत्र हुए और टीम को घेर लिया।
विरोध के चलते टीम को उल्टा पैर वहां से निकलना पड़ा। इस बीच पार्षद विक्रांत ढाका व थाना पुलिस भी पहुंच गई। टीम वहां से पल्लवपुरम थाने पहुंच गई। टीम का आरोप था कि व्यापारियों ने उनके साथ अभद्रता की और सैंपल नहीं लेने दिया। पल्लव टॉवर्स व्यापार संघ अध्यक्ष देवेंद्र चौहान, विक्रांत ढाका, शीलेंद्र चौहान शास्त्री समेत कई व्यापारी नेता थाने पहुंच गए। व्यापारियों ने जाकर वहां पर हंगामा कर दिया।
व्यापारियों का आरोप था कि यह फर्जी टीम है, बिना पुलिस के कैसे सैंपल ले सकती है। अब होली आ गई तो यह उगाही के लिए आ गए। काफी देर तक इस बात को लेकर थाने पर हंगामा चला। हंगामे के चलते दोनों पक्ष एक-दूसरे पर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए लगे हुए थे।
बाद में इंस्पेक्टर पल्लवपुरम देवेश शर्मा ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामला को निपटा दिया। व्यापारियों का कहना है कि खाद्य विभाग की टीम होली तक सैंपल नहीं लेगी, व्यापारी को परेशान नहीं किया जाएगा। इस दौरान लोकेश चौहान, शेखर चौहान, रविंद्र शर्मा, नरेश चौहान वैभव, विजय गोयल, दिनेश चौहान, गुलफाम आदि मौजूद रहे।

