जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: टीपीनगर के मलियाना पुलिस चौकी के निकट दा क्रोम कन्फैक्शरी के मालिक पर मामूली सी बात को लेकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी। सरेशाम फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलते मौके पर पुलिस पहुंच गयी। दबिश देकर फायरिंग के दो आरोपी गिरफ्तार भी कर लिए।
कन्फैक्शनरी मालिक सागर पुत्र महेंद्र सिंह निवासी संजय कालोनी ने बताया कि वह अपनी दुकान के सामने बाइक खड़ी कर रहे थे। उसी दौरान अचानक वहां अमन शर्मा से बाइक को आगे पीछे करने को कुछ कहासुनी हो गयी। तब तो अमन वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद अमन अपने दो दोस्तों चेतन व अर्पित के साथ खरीदारी करने के बहाने दुकान पर आया।
उसने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। जाते जाते उन्होंने सीधे दुकान को टारगेट कर फायर कर दिया और फरार हो गए। सीसीटीवी से बदमाशों की शिनाख्त कर पुलिस ने अमन व चेतन को दबोच लिया। फरार अर्पित की तलाश में दबिशें दी जा रही है।
पल्लवपुरम पुलिस ने दो शातिर अपराधी दबोचे
मोदीपुरम: पल्लवपुरम पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर अपराधियों को दबोच लिया। आरोपियों के पास से दो तमंचे दो कारतूस एवं दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। जो शातिर किस्म के अपराधी हैं। इंस्पेक्टर पल्लवपुरम देवेश शर्मा ने बताया कि पल्लवपुरम फेज एक स्थित अपोलो नर्सिंग होम के पास उप निरीक्षक अवनीश शर्मा एवं उप निरीक्षक अजय कुमार चेकिंग कर रहे थे।
इसी बीच वहां से दीपक पुत्र ओमप्रकाश निवासी डबल स्टोरी पल्लवपुरम जिसान पुत्र अशफाक निवासी दिल्ली गेट गुजर रहे थे। पुलिस को देख कर वह भागने लगे तो पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पूछताछ के दौरान पुलिस को दोनों ने किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की बात को स्वीकार किया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों के पास से अपराधिक वारदात में शामिल होने वाली वस्तुओं को बरामद किया गया है। अपराधियों के खिलाफ विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। जिनके खिलाफ कार्रवाई करने के समक्ष पेश किया गया है।

