- दो दिनो में एक दर्जन से अधिक कोरोना संक्रमित मिले
जनवाणी संवाददाता |
हल्दौर: नगर में करोना संक्रमण ने कहर बरपा रखा है। संक्रमण के चलते एक अधिवक्ता की मौत हो गई। जबकि पिछले दो दिनो में विधुत उपखण्ड अधिकारी सहित एक दर्जन से अधिक करोना संक्रमित मिल चुके है। लेकिन पुलिस प्रशाशन की ढिलाई के चलते स्थानीय लोग कोरोना के नियमों का पालन करते नजर नही आ रहे है। सोमवार को क्षेत्र के मूल रूप से ग्राम लाड़नपुर निवासी एवं विगत कई वर्षों से हल्दौर में रह रहे अधिवक्ता राकेश शर्मा(63) की मेरठ में इलाज के दौरान कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। एक सप्ताह पूर्व अधिवक्ता को सांस में दिक्कत के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने और हालत बिगड़ने पर उन्हें मेरठ रैफर कर दिया गया था। जहां एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई। अधिवक्ता की बिगड़ती हालत के सदमे से चार दिन पूर्व अधिवक्ता की पत्नी बीना शर्मा की भी ब्रेन हेमरेज के चलते मौत हो चुकी है।
एक सप्ताह के भीतर पति-पत्नी की मौत से नगर में शोक व्याप्त हो गया। मृतक दम्पत्ति अपने पीछे दो पुत्रियों और एक पुत्र को रोता बिलखता छोड़ गए। मृतक अधिवक्ता का कोरोना गाइडलाइन के अनुसार सोमवार को ही अस्पताल प्रशासन द्वारा मेरठ के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मालूम हो कि नगर में पिछले तीन दिनों में विधुत विभाग के उपखण्ड अधिकारी सहित आधा दर्जन स्टाफ व स्कूल के शिक्षक सहित एक दर्जन से अधिक लोग कोरोना संक्रमित पाए गए है, लेकिन प्रशासन की ढिलाई के चलते नगरवासी कोरोना के नियमो का पालन करने में कोई दिलचस्पी नही दिखा रहे है। इस लापरवाही के चलते नगर में कभी भी कोरोना बम का विस्फोट हो सकता है।

