- कृषि निदेशक एपी श्रीवास्तव ने कृषि प्रसार कार्यो की समीक्षा की
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: कृषि निदेशक उत्तर प्रदेश एपी श्रीवास्तव द्वारा जनपद बिजनौर के कृषि प्रसार कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के उपरांत कृषि निदेशक ने ग्राम अगरी के प्रगतिशील कृषक अखिलेश कुमार के यहां जाकर फूलों की खेती का अवलोकन किया।
कृषक अखिलेश कुमार ने बताया कि वह 2015 से फूलों की खेती कर रहे हैं। सर्वप्रथम उनके द्वारा ग्लोडियस की खेती गन्ने में सहफसली खेती के रूप में प्रारंभ की गई थी। आज उन्होंने दो पोली हाउस में बनाकर जरबेरा, कॉर्नेसन, डेजी, लिली आदि फूलों की खेती की जा रही है। अखिलेश कुमार फूलों की खेती के द्वारा अपने ग्राम के 16 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं।
ये अपने फूलों की बिक्री देहली की मण्डी में करते है। कृषि निदेशक उत्तर प्रदेश एपी श्रीवास्तव द्वारा अखिलेश कुमार के फूलों की खेती की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नवोंमेषी कार्यों से ही कृषकों की आय दोगुना हो सकती है। कृषि निदेशक ने संयुक्त कृषि निदेशक मुरादाबाद मंडल मुरादाबाद जेपी चौधरी व उप कृषि निदेशक बिजनौर अवधेश मिश्रा को निर्देश दिए कि अखिलेश कुमार के कार्यों का प्रचार प्रसार वहृद स्तर पर किया जाए तथा कृषकों का भ्रमण भी कराया जाए। इस अवसर पर प्रभारी आत्मा योगेन्द्र पाल सिंह योगी व जिला उद्यान निरीक्षक नरपाल मलिक भी साथ में रहे।

