- ठेकाकर्मियों का मानदेय बढ़ाने सहित कई मुद्दों पर हुयी सहमति
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नगर पंचायत जलालाबाद के सभागार में आयोजित बोर्ड मीटिंग में कई प्रस्ताव पास किए गए।
मंगलवार को नगर पंचायत जलालाबाद की चेयरपर्सन श्रीमती सायरा अंसारी की अध्यक्षता में हुयी बैठक में भारतीय जनता पार्टी से नामित सभासद दीपक कुमार ने क्षेत्र की जनता से जुड़े हुए मुद्दों को प्रमुखता से बोर्ड मीटिंग के समक्ष रखा।
बोर्ड मीटिंग में सभी सभासदों ने अपने अपने वार्ड की समस्याओं को नगर पंचायत की चेयरपर्सन सायरा अंसारी व अधिशासी अधिकारी हरिनारायण सिंह के समक्ष रखते हुए प्रस्ताव रखे जिन्हें पास किया गया। भारतीय जनता पार्टी के नामित सभासद दीपक कुमार ने जो समस्याएं बोर्ड के समक्ष रखी उसमें से नगर पंचायत जलालाबाद में कार्य कर रहे ठेका सफाई कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव रखा, जिसे अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने बोर्ड में पास करवा कर रुपए 8753 नियमित रूप से हर माह देने का प्रस्ताव पास किया और मुख्य बाजार में एक ठंडे पानी का कूलर लगाने का प्रस्ताव भी पास किया।
वार्ड नंबर 2 मोहल्ला गुलिस्तान में एक बारात घर बनाने का प्रस्ताव रखा और नियमित रूप से क्षेत्र के सभी धार्मिक स्थल जिसमें मंदिर-मस्जिद के आसपास सफाई व्यवस्था नियमित रूप से रोज की जाएगी उस पर भी सहमति की गयी। नगर पंचायत जलालाबाद की गौशाला और मुख्य बाजार में भी कैमरे लगवाने और सभी सफाई कर्मचारियों की दो महीने में पूरे शरीर की जांच भी कराने का प्रस्ताव पास किया गया।
नगर पंचायत जलालाबाद के चौमुखी विकास और तरक्की के लिए अपना सहयोग देने का आश्वासन दिया। बोर्ड मीटिंग में चेयर पर्सन सायरा अंसारी, अधिशासी अधिकारी हरिनारायण सिंह, सभासद लियाकत अंसारी, खुर्शीद शेख, नदीम शेख, भाजपा से नामित सभासद दीपक कुमार, राजेश राजपूत, गंगाराम, शोएब अंसारी, सानू कुरैशी, पप्पू जोशी, एवम् सभी सभासद गण उपस्थित रहे।

