- गैस कटर से तिजोरी का काटने का किया प्रयास
- बिड़ौली में दो दुकानें भी चोरों के निशाने पर आयी
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: क्षेत्र के गांव बिडौली स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक में रात में नकब लगाकर गैस कटर से तिजोरी काटने का प्रयास किया। साथ ही, सीसीटीवी कैमरे तोड़कर डीवीआर चोरी कर लिया।
दूसरी ओर, चोर दो दुकानों के शटर तोड़कर सामान चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जिस पर एडिशनल एसपी, सीओ एवं झिंझाना थाना प्रभारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचें। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शनिवार की रात्रि थाना क्षेत्र के गांव बिडौली में सबसे पहले मुखिया की हार्डवेयर की दुकान का शटर तोड़कर सामान चोरी कर लिया। साथ ही, कबाड़ी लख्मी चंद की दुकान का शटर तोड़कर वहां से गैस सिलेंडर व गैस कटर चोरी कर लिया।

इसे बाद चोरों ने प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक में चोर कुम्बल कर अंदर घुस गए। उसके बाद बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर कैश चोरी का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। हालांकि डीवीआर निकाल कर फरार हो गए। बैंक में चोर दीवार तोड़कर घुसे और गैस कटर से लॉकर को काटने का प्रयास किया लेकिन किन्ही कारणों से चोर तिजोरी को काटने में असफल रहे।
रविवार की सुबह घटना की जानकारी ग्रामीणों को लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया। इसके बाद एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव सीओ कैराना जितेन्द्र कुमार व थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचें।
शाखा प्रबंधक मैनेजर अर्जुन कुमार का कहना है कि बैंक में चोरी की घटना से कोई नुकसान नहीं हुआ है। बदमाशों ने गैस कटर से तिजोरी को काटने का प्रयास किया। सीसीटीवी कैमरे तोड़कर डीवीआर को चोरी कर ले गये। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया घटना की सूचना मिली बैंक से कोई सामान चोरी नहीं हुआ है। इस मामले की जांच की जा रही है।

