जनवाणी ब्यूरो |
बिनौली: खंड विकास मुख्यालय से मात्र एक किलो मीटर की दूरी पर स्थित गांव पिछोकरा में जलभराव को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव की समस्या को लेकर पिछले 2 वर्षों से खंड विकास मुख्यालय और जिला स्तर के अधिकारियों के दप्तरो के चक्कर काट रहे हैं।
पिछोकरा गांव का मुख्य मार्ग पिछले 2 वर्षों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ा हुआ है। जिस कारण पानी की निकासी नही हो रही है। पानी की निकासी न होने के कारण पूरे मार्ग पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों को गांव के अन्दर आने जाने मे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि थोड़ी सी बारिश होते ही सारा पानी घरों के अन्दर घुस जाता है, इसके अलावा जलभराव होने के कारण कोई भी संक्रामक बीमारी कभी भी गांव मे फैल सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव को लिखित मे समस्या के समाधान के लिए शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन आश्वासन के अलावा और कोई करवाई नही हुई।
इसके अलावा ग्रामीणों ने जिला स्तर के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की चौकट पर भी कई बार फरियाद की लेकिन वहां से भी ग्रामीणों को मायूसी के अलावा कुछ नही मिला। इस समस्या के समाधान के लिए रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालो मे रविन्द्र, सुखपाल, जितेन्द्र, सोविन्दर, सूबे, समीम, बीरपाल आदि मौजूद रहे।

