- उद्धव ठाकरे को देशद्रोही कहने पर शिवसेना पदाधिकारियों में आक्रोश
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: महाराष्ट्र से उठी सियासी लपटों की आंच मुजफ्फरनगर तक आ पहुंची है। एक हिंदू संगठन द्वारा शिवसेना प्रमुख तथा महाराष्ट्र सीएम उद्धव ठाकरे को देशद्रोही कहने पर सोमवार को मुजफ्फरनगर में शिवसेना का गुस्सा फूट पडा। शिवसेना नेताओं ने हिंदू संगठन के पदाधिकारियों को फर्जी करार देते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है।
सोमवार को मीडिया सेन्टर पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए शिवसेना जिला प्रमुख मुजफ्फरनगर बिटटू सिखेडा ने आरोप लगाते हुए कहा कि फर्जी अखिल भारत हिन्दू महासभा के स्वयंभू पदाधिकारियों द्वारा श्रद्धेय बाला साहब ठाकरे जी का नाम लेना भी गलत है। क्योंकि, बाला साहब ठाकरे एक सच्चे हिंदुत्व का चेहरा रहे है और रहेंगे।
स्वयंभू फर्जी अखिल भारत हिन्दू महासभा द्वारा खोखली हिंदुत्व की विचारधारा के द्वारा महाराष्ट्र सरकार को बदनाम करने का कोई अधिकार नहीं है। शिवसेना पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश कौशिक को कोर्ट द्वारा भी अखिल भारत हिन्दू महासभा का सदस्य मानने से भी इन्कार कर दिया गया है। ये सभी फर्जी लोग हिन्दुओं को भावना से खिलवाड़ कर हिन्दुओं के नाम अवैध वसूली करते है।
कभी कांवड यात्रा के नाम पर, कभी शिवचौक पर जागरण के नाम पर कई-कई लाख रुपएं इकट्ठा कर लेते है। शिवसेना जिला इकाई मुजफ्फरनगर प्रशासन से मांग करती है कि जो भी स्वयंभू संगठन फर्जी तरीके से हिन्दुओं के नाम पर अवैध वसूली करेगा उसके खिलाफ कार्यवाही करें, अन्यथा शिवसेना स्वयं ऐसे फर्जी लोगों के खिलाफ कार्यवाही करवाने के लिए बाध्य होगी। जो लोग अपने को कटटर हिन्दु छवि वाले दशार्ते है उनका एक उदाहरण 2-3 वर्ष पूर्व नई मण्डी कोतवाली में दर्ज है।
कर्नाटक में साफ मारे जाते है तो ये चुप हैं। मेरठ में साधू मारा जाता है तो ये चुप है। इससे प्रतीत होता है कि कितने बड़े हिन्दू विचारधारा के लोग है। प्रेसवार्ता में उप राज्य प्रमुख प्रमोद अग्रवाल, जिला प्रमुख बिटटू सिखेडा, जिला महासचिव मनीष बालियान, नगर प्रमुख बन्टी शर्मा, निवर्तमान मण्डल प्रमुख नवीन कश्यप, मण्डल मीडिया प्रभारी राधेश्याम कश्यप, जिला प्रमुख युवा सेना विशाल डाहरिया, जिला संगठन मंत्री साकेत, जिला मीडिया प्रभारी सोनू वर्मा, जिला मीडिया सहप्रभारी अनिल कलसानिया व हर्षदीप आदि उपस्थित रहे।

अखिल भारत हिन्दू महासभा करेगी एक करोड़ की मानहानि का दावा
अखिल भारत हिन्दू महासभा की एक बैठक प्रदेश कार्यालय पर हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष योगेन्द्र वर्मा व जिला प्रभारी सचिन कपूर जोगी ने किया। सचिन कपूर जोगी ने कहा कि शिवसेना के जिला प्रमुख बिट्टू सिखेड़ा द्वारा अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रप्रकाश कौशिक को फर्जी बताया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि शिवसेना जिला प्रमुख बिट्टू सिखेड़ा के पास कोई प्रमाण है तो वह सिद्ध करें अन्यथा अखिल हिंदू महासभा उस पर एक करोड़ के मानहानि का दावा करेगी और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है अखिल भारत हिंदू महासभा केवल देशभक्तों की पार्टी रही है।
हिन्दू महासभा में केवल हिन्दू ही सदस्य बनते हैं और किसी जाति का हिंदू महासभा में दखलअंदाजी नहीं है। शिवसेना बाल ठाकरे के समय हिंदूवादी थी अब नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के अंदर बिट्टू सिखेड़ा और उसकी टीम ने माफी नहीं मांगी तो हिंदू महासभा उनके खिलाफ सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेगी। बैठक में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष सुशील कुमार, सुशांत त्यागी, सविता सिंह, प्रिया सिंह, मंडल प्रभारी अनिल कुमार राणा, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट विनोद शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

