जनवाणी संवाददाता |
नहटौर: मोबाइल गेम को लेकर गांव फुलसन्दी में चार लोगों द्वारा होमगार्ड के पुत्र की निर्मम हत्या करने के मामले में पुलिस ने फरार दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने चारों आरोपियों पर 60 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने चारों आरोपियों का सम्बन्धित धारा चालान कर में जेल भेज दिया है।
ग्राम फुलसन्दी में बीते शनिवार की रात परचून की दुकान पर खड़े युवकों में मोबाइल गेम को लेकर कहासुनी के बाद विवाद हो गया था जिसमे गांव निवासी होमगार्ड शूरवीर के पुत्र अमित की चार लोगों द्वारा रॉड व लोहेकी नुकीली चीज से वार कर हत्या कर दी गई थी और उसके भाई घायल शोभित व पड़ोसी सतेंद्र को मारपीट कर घायल कर दिया था जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रैफर किया गया था।
सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अनित कुमार, सीओ धामपुर अजय कुमार अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने पुलिस को आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। घटना के बाद हमला करने वाले चारो आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने मृतक के पिता शूरवीर की तहरीर पर ओमकार पुत्र महावीर, सारदुल, शिवम, शगुन पुत्रगण ओमकार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। जिसके बाद एसपी बिजनोर डॉक्टर धर्मवीर सिंह ने चारों आरोपियों पर 15, 15 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। जिसके बाद हत्या के चारों आरोपियों को 48 घण्टे में गिरफ्तार करने पर एसपी ने नहटौर पुलिस की सराहना की है। कोतवाल जय कुमार ने बताया कि आरोपी ओमकार, सार्दुल, शिवम, शगुन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

