जनवाणी संवाददाता |
परतापुर: मोहिद्दीनपुर स्थित एक पेपर कंपनी में मंगलवार को पेपर रोल के नीचे दबकर एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मजदूर की मौत से कम्पनी में अफरा तफरी मच गई।
कंपनी के मालिकों ने तुरंत मजदूर को केएमसी उपचार के लिए भेजा लेकिन, चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मृतक को पीएम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
रिठानी निवासी 45 वर्षीय सुरेश पुत्र बेगराज मोहिद्दीनपुर पुलिस चौकी के समीप एक पेपर कंपनी में दिहाड़ी मजदूर काम करता था। मंगलवार को कागज के तीन रोल में से एक रोल सुरेश के उपर गिर गया जिससे उसके नीचे दबकर मजदूर की मौत हो गई।
हादसा होते ही कम्पनी में अफरा तफरी मच गई। तुरंत ही कम्पनी मालिकों अरविंद, कपिल ने मजदूर को केएमसी भेजा जहां डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी केएमसी पहुंच गए थे सभी का बुरा हाल था। मोहिद्दीनपुर पुलिस चौकी प्रभारी नितिन कुमार का कहना है कि कागज के रोल का वजन 5 कुंतल था, शव को मोर्चरी भेज दिया।
कई बार हो चुके हादसे
मोहिद्दीनपुर स्थित पेपर कंपनी में गत वर्षों कई मजदूरों की मौत हो चुकी हैं, हाथ पैर कटना तो आम बात है। हादसों का कारण पुरानी हो चुकी मशीनें और लापरवाही रही है। कम्पनी मालिक हादसों को दबाने में परफैक्ट बताए जाते हैं। बसपा नेता दीपक राणा का कहना है कि कम्पनी की किसी भी मशीन में सेंसर नहीं लगा होता जिस कारण हर वर्ष हादसे होते रहते हैं। उहोंने कहा कि कम्पनी के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि कम्पनी का संबंध चाइना से भी है।


good