जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: बरसात के मद्देनजर शहर में जलभराव को स्थिति न होने पाए इसके लिए नगर पालिका परिषद बिजनौर ने नालों की तलझट सफाई का काम शुरू करा दिया है। अब तक तीन बड़े नाले साफ भी हो चुके है और कोशिश है कि बरसात से पहले सभी नालों की सफाई हो जाए।
नगर पालिका परिषद बिजनौर द्वारा पिछले दस दिनों से नालों की तलझट सफाई का कार्य कराया जा रहा है। सबसे पहले शहर के बाहरी क्षेत्रों के नाले साफ कराए जा रहें है। नजीबाबाद रोड, बैराज रोड स्थित नालों की सफाई का काम लगभग पूर्ण हो चुका है।
पालिका के चेयरपर्सन पति शमशाद अंसारी, ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी और सफाई निरीक्षक गोविंद चौधरी सफाई कार्यों का निरीक्षण कर रहें है। चेयरपर्सन पति शमशाद अंसारी ने बताया कि शहर के बाहरी नालों के बाद अंदरूनी नालों की सफाई कराई जाएगी। पालिका द्वारा पिछले दस दिनों से निरन्तर कार्य कराया जा रहा है, और पूरा प्रयास रहेगा कि बरसात से पहले ही सभी नालों की समुचित सफाई हो जाए। ताकि शहर में जलभराव की स्थिति न होने पाए।

