- खोड़समा की कृषि भूमि की नीलामी का मामला
जनवाणी संवाददाता
ऊन: क्षेत्र के गांव खोडसमा स्थित कृषि भूमि की तहसील अधिकारियों द्वारा दो साल के लिए कृषि कार्य के लिए नीलामी छोड़ने के विरोध में युवाओं ने तहसील कार्यालय पर धरना देकर नीलामी को निरस्त करने की मांग की।
ऊन तहसील क्षेत्र के गांव खोड़समा में खाता संख्या 801 व 799 राज्य सरकार की भूमि है जिसकी नीलामी तहसील द्वारा 2 वर्ष के लिए कृषि कार्य को एक दिन पूर्व छोड़ी गई है।
इस भूमि पर युवाओं ने दौड़ के लिए ट्रैक बना रखा है। बुधवार को भूमि की नीलामी सूचना का पता लगते ही दर्जनों युवकों ने तहसील कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। पहले धरना प्रदर्शन पर तहसीलदार राजकुमार भारती ने युवाओं को समझा लेकिन युवा नहीं माने और उप जिलाधिकारी की गाड़ी के सामने बैठ गए।
उप जिलाधिकारी द्वारा खेल का मैदान खाली कराने का आश्वासन दिया लेकिन युवक राज्य सरकार की भूमि की नीलामी रद्द करने की मांग करने लगे रहे जिस पर उपजिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया।
साथ ही, धरना-प्रदर्शन खत्म न करने पर पुलिस कार्रवाई करने की चेतावनी दी जिसके बाद युवक शांत हो गए। बाद में उप जिलाधिकारी मणि अरोरा ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही खेल का मैदान खाली कराया जाएगा जिसके बाद युवक वापस लौट गए।

