जनवाणी संवाददाता |
ऊन: यमुना नदी में रेत का खनन जोरों शोरों से चल रहा है। रेत खनन पट्टाधारक पोर्कलेन मशीनों से खनन कार्य कर रहे हैं। पट्टाधारकों ने पड़ोसी किसान के खेत पर भी अवैध कब्जा कर रखा है।
गांव चौसाना निवासी अतीका पत्नी अलीजान का आरोप है कि उसके खाता नंबर 23, खसरा नंबर 132, रकवा .1430 हेक्टेयर भूमि पर मेहताब पुत्र फखर, जब्बार पुत्र बशीर निवासी कुंडा कलां एवं इरसाद पुत्र वाजिद गांव चौसाना ने अवैध कब्जा कर रेत का अवैध खनन किया जा रहा है।
रेत खनन पोर्कलेन मशीन द्वारा दिन रात जारी है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कुछ लोगों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया।
पीड़िता ने मामले की शिकायत उप जिलाधिकारी मणि अरोरा से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। उप जिलाधिकारी मणी अरोरा ने तहसीलदार को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यमुना में पट्टों की आड़ में रेत का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है जबकि नियमानुसार फावड़े से रेत उठाना चाहिए लेकिन खनन माफिया पोर्कलेन मशीनों द्वारा सरकारी तंत्र की मिलीभगत से दिन रात खनन कर रहे हैं।

