जनवाणी संवाददाता |
बडौत: नगर के एक ज्वैलरी शोरूम में चोरों द्वारा उड़ाए गए जेवरात की रिपोर्ट पुलिस द्वारा आखिरकार 15 दिन बाद दर्ज कर ली गयी। तब से ज्वेलर्स द्वारा लगातार थाने के चक्कर लगाए जा रहे थे।
नगर के नेहरू रोड पर जेपी ज्वेलर्स के नाम से पवन कुमार वर्मा का ज्वैलरी शोरूम है। इस शोरूम में एक जुलाई को चोरों द्वारा रेकी के बाद ज्वेलरी पर हाथ साफ कर डाला था। पवन वर्मा ने बताया कि एक जुलाई को उसका 15 वर्षीय बेटा आदित्य वर्मा बैठा हुआ था जबकि वह घर खाना खाने गया हुआ था।
इस दौरान दो चोर रेकी करते हुए शोरूम में आये। एक चोर बाहर ही खड़ा रहा जबकि एक शोरूम के अंदर आ गया। उसने आदित्य को बातों में लगा वहां अलमारी से एक डब्बा चुरा लिया। इस डब्बे में सोने के 22 जोड़ी कुंडल रखे हुए थे। दोनों चोर वहां से यह जवैलरी चोरी करके भाग निकले।
बाद में जांच की गई तो डब्बा अलमारी से गायब मिला। सीसीटीवी कैमरे में देखने पर चोरों और चोरी का पता चला। इसकी जानकारी नेहरू रोड पुलिस चौकी पर दी गयी, लेकिन पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की। पवन वर्मा ने बताया कि 15 दिनों से वह थाने, चौकी के चक्कर काटकर परेशान हो गया।
सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए जाने और एसपी के आदेश पर गुरुवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू की है। कोतवाल अजय शर्मा का कहना है कि मामले में जांच चल रही है जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा।

