- 24 पदों के लिए विपक्ष के चार उम्मीदवारों ने किए नामांकन
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: जिला योजना समिति सदस्य के होने वाले चुनाव के लिए शुक्रवार को डीएम कोर्ट में नामांकन भरे गए। 24 पदों पर 26 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल करते हुए अपनी दावेदारी जताई है। विपक्ष की ओर से चार प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर इस चुनाव में ताल ठोकी है।
जिला योजना समिति में जिला पंचायत बोर्ड से सदस्य निर्वाचित किये जाने के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई गई जिसके लिए जिला योजना समिति में 6 वर्गों के 24 सदस्य पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। शुक्रवार को डीएम कोर्ट में जिला पंचायत सदस्यों द्वारा नामांकन दाखिल करते हुए दावेदारी जताई गयी है।
24 पदों में से अधिकांश पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनी है, जबकि 3-4 पदों के लिए ही निर्वाचन होने की संभावना है। वहीं जिला पंचायत में विपक्ष के नेता वार्ड 18 से जिला पंचायत सदस्य सत्येन्द्र बालियान ने भी चार पदों पर अपने पक्ष से सदस्यों के नामांकन दाखिल कराये।
वह खुद इनके प्रस्तावक बने हैं। इनमें महिला वर्ग से आरिफा, एससी वर्ग से अनुराधा, ओबीसी वर्ग में इमराना तथा कृष्णमूर्ति पत्नी विकास के नामांकन दाखिल कराये गये हैं। माना जा रहा है कि इस चुनाव में अधिकांश पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होगा और इसमें डा. वीरपाल निर्वाल के समर्थक सदस्य विजयी होंगे।
योजना समिति में जिला पंचायत के 43 सदस्यों में से 24 सदस्यों का निर्वाचन वर्गवार होना है, इनमें अनारक्षित वर्ग में 9, अनुसूचित जाति वर्ग में 3, अन्य पिछड़ा वर्ग से 4, अनारक्षित महिला वर्ग में 5, अनुसूचित जाति महिला वर्ग में 01 और अन्य पिछड़ा वर्ग महिला वर्ग में 2 सदस्यों का निर्वाचन कराया जाना है।
31 अगस्त को नामांकन पत्र 11 बजे से 3 बजे तक वापस लिये जा सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर 3 सितम्बर को प्रात: 8 बजे से 3 बजे तक मतदान डीएम कोर्ट में कराया जायेगा। इसमें जिला पंचायत के 43 सदस्य वोट डालेंगे। मतदान के बाद मतगणना होगी और परिणाम भी इसी दिन शाम तक घोषित कर दिये जायेंगे।

