जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के निर्देशानुसार जनपद को तम्बाकू मुक्त बनाने के लिए सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया कि जनपद के समस्त सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों को तम्बाकू मुक्त घोषित किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
विद्यालयों में धूम्रपान से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाए। इसके साथ ही इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार किया जाए। शैक्षिणिक संस्थान के 100 गज के दायरे में किसी भी तरह के तम्बाकू उत्पाद बेचने पर प्रतिबन्ध एवं सभी प्रकार के तम्बाकू उत्पादो के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष विज्ञापनो पर प्रतिबन्ध से सम्बन्धित जानकारी दी जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर संजीव मांगलिक ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्य, अध्यापक, विद्यार्थियों और समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को जागरूक करने एवं उन्मुखीकरण के लिए तम्बाकू मुक्त शिक्षण संस्थान के लिए प्रदत्त आपरेशनल गाइड लाइन का शत-प्रतिशत प्रयोग सुनिश्चित किया जाए।

