- कोरोना संक्रमण का खुलकर फायदा उठा रहे कोल्हू स्वामी
जनवाणी ब्यूरो |
धामपुर: तहसील परिक्षेत्र में कच्चे गन्ने से गुड़ बनाने का काम शुरु हो गया है। शुरुआती दौर में कोल्हू कारीगर गुड़ में मिठास के लिए चीनी मिलाकर तैयार कर रहे हैं। तहसील की चीनी मिलों में कोरोना संक्रमण फैलने से मिलों का समय से चल पाना अभी तय नही हुआ है, जिसका फायदा कोल्हू संचालक जमकर उठा रहे हैं।
तहसील क्षेत्र में गन्ने की पैदावार अन्य वर्षों के मुकाबले इस वर्ष अच्छी है। लॉक डाउन की वजह से शुद्ध हुए पर्यावरण से गन्ने की फसल पर को फायदा हुआ है। वहीं किसान लॉक डाउन की वजह से आर्थिक रुप से कमजोर भी हुए। तहसील क्षेत्र के शुगर मिलों में कोरोना संक्रमण फैलने की वजह से कोल्हू स्वामियों ने फायदा उठाना शुरू कर दिया है।
सितंबर के दूसरे सप्ताह में ही बाहरी जनपदों के कोल्हू कारीगर तहसील के अफजलगढ़, हरेवली, स्योहारा परगना के अनेक ग्रामों में पहुंच गए हैं। किसानों से ओने पोने दामों पर गन्ने को खरीद रहे हैं। इसके अलावा खेतों में खड़ा गन्ना अभी मिठास से काफी दूर हैं।
घना कोहरा तेज धूप और कड़ाके की ठंड गन्ने में मिठास पैदा करती है, अभी तो केवल बरसात का मौसम ही चल रहा है। ऐसे में कोल्हू कारीगर गन्ने में रस में चीनी मिलाकर गुड़ तैयार कर रहे हैं। तैयार गुड़ आस पास के बाजारों व चांदपुर की मंडी में बेचा जाता रहा है।
एसडीएम धीरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि जिले में बाहर से आए कोल्हू संचालकों व कारीगरों की जानकारी करने के लिए राजस्व कर्मियों को निर्देशित कर दिया गया है। उनसे रिपोर्ट मिलने पर स्वास्थ्य विभाग को वस्तु स्थिति से अवगत करा दिया जाएगा।

