जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के गांव डौरली का रहने वाला सचिन नाम का युवक देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक की स्कूटी जिटौली फ्लाईओवर के पास पड़ी मिली और उसके पास खून भी पड़ा मिला है। युवक का पता न लगने पर परिवार के लोग सुबह पल्लपुरम थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार सचिन अकाउंटेंट और ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। कल शाम उसके दोस्त सुशांत ने फोन करके उसे पैसे देने के लिए बुलाया था। उसके बाद से ही सचिन घर नहीं पहुंचा। परिवार वालों का आरोप है कि सुशांत उसके साले उसके दोस्तों ने उसके साथ कोई अप्रिय घटना ना कर दी हो।
परिवार के लोगों की तहरीर देने के बाद पुलिस कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने युवक की खोजबीन की तो सचिन का शव ललसाना गांव के जंगल में आधा जला हुआ मिला है। पुलिस ने शव को तुरंत मोर्चरी के लिए भिजवा दिया।
पुलिस ने उसकी हत्या करने वाले मुख्य आरोपी सुशांत निवासी पललवपुरम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया की सचिन के उस पर 25 हजार रुपये थे। जिसके लेन-देन को लेकर कल रात चाकू मारकर सुशांत ने उसकी हत्या कर दी और पहचान मिटाने के लिए उसके शव को ललसाना गांव के जंगल मे लेकर गया और आग लगाकर वहां से भाग गया था।
बताया गया कि सुशांत के पिता पीआरडी विभाग में दारोगा है। पुलिस सुशांत से ओर भी पूछताछ कर रही है कि इस हत्याकांड में उसके साथ कितने लोग शामिल थे। वहीं, इस संबंध में पल्लवपुरम थाना प्रभारी, अवनीश अष्टवाल का कहना है कि युवक की हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक के साथ इस घटना में कौन लोग शामिल थे। इसकी आरोपी से पूछताछ चल रही है। पूरे घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।
प्लानिंग के तहत की हत्या
पैसों के लेन-देन में दोस्त और रिश्तेदार सगे सम्बंधी ही एक-दूसरे की हत्या कर रहे हैं। जिस तरह से डौरली के युवक की निर्मम हत्या की गई है। उससे साफ जाहिर हो रहा है कि आरोपियों ने प्लानिंग के तहत उसकी हत्या की है।
जिसके चलते उस का शव ललसाना के जंगल में और स्कूटी जिटौली फ्लाईओवर पर फेंक दिया है। दोनों घटनाए अलग-अलग थाना क्षेत्र में पड़ती है। पुलिस को भटकाने के इरादे से इस तरह हत्या की वारदात को अंजाम देना पहले से ही आरोपियों ने तय कर रखा था।
सूदखोरों ने कर दिया परिवारों को तबाह
मोदीपुरम, पल्लवपुरम और डौरली में बड़े स्तर पर ब्याज पर रुपये लेन-देन का मामला फल-फूल रहा है। 10 प्रतिशत से लेकर 20 प्रतिशत तक सूदखोर ब्याज ले रहे हैं। ऐसे में जहां कई परिवार तबाह हो गए हैं।
वहीं, कई हत्या इससे पहले भी हो चुकी है, लेकिन इन मामलों को पुलिस गंभीरता से नहीं लेती है। जिसके चलते पुलिस की कार्य प्रणाली पर कई बार सवाल उठ चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी आज तक पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई ऐसे कारोबार करने वालों के खिलाफ नहीं की है।

