जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: किसान संगठनों की ओर से पूर्व घोषित चक्का जाम के परिणाम स्वरूप बड़ौत, बड़ौली, किशनपुर बराल में हाइवे को बंद कर जाम लगाया। वही बड़ौत-बुढाना मार्ग पर दाहा व पुसार तथा बड़ौत-मेरठ मार्ग पर बिनौली व दादरी में भाकियू कार्यकर्ताओं ने जाम लगाया। बड़ोद में भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। हालांकि बड़ौत में जाम लगाने के बाद भाकियू कार्यकर्ता बागपत के लिए कूच कर गए थे।
शुक्रवार को भाकियू कार्यकर्ता ट्रैक्टर-ट्राली में बैठकर सड़कों पर पहुंचे। किशनपुर बिराल में प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह किसान मजदूर संघ के अध्यक्ष मुनेश बरवाला के नेतृत्व में हाइवे पर जाम लगा दिया। किसान बीच सड़क पर बैठ गए। नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठ गए।

पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। पुलिस भी शांत हो गई। बड़ौत में भाकियू के वरिष्ठ कार्यकर्ता हरेन्द्र दांगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता बड़ौत में हाईवे पर पुलिस चौकी के पास पहुंचे और जाम लगा दिया। भाकियू कार्यकर्ताओं की एसएचओ के साथ नोकझोंक हुई। यहां जाम लगाने के बाद कार्यकर्ता बागपत राष्ट्रवंदना चौक पर लगाए गए जाम में शामिल हो गए। वहीं पुसार व दाहा में चौधरी राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में जाम लगाया। यहां काफी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस भी मौजूद रही। बड़ौली में किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने जाम लगाया। यहां काफी देर तक किसानों ने जाम लगाए रखा। समाचार लिखे जाने तक सड़कों पर जगह-जगह जाम लगे हुए थे।

