- शामली पुलिस लाइन में 30 पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: यूपी-112 के प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों का 18 दिवसीय प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही प्रशिक्षण का सदुपयोग करने का आहवान किया।
शामली पुलिस लाइन में यूपी-112 आपातकालीन पुलिस सेवा में नियुक्त पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण के लिए आठ सितंबर से 18 दिवसीय फ्रेशर कोर्स प्रारंभ किया गया था। जिसमें महिंद्रा डिफेंस सिस्टम लिमिटेड कंपनी की ओर से आए दो ट्रेनर ने पीवीआर पर नियुक्त पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण में कुल 30 कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया जिसमें 14 पुरुष एवं 16 महिला पुलिसकर्मी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को एमडीटी के संचालन की जानकारी एवं महिला, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित मामले, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन सोमवार को एसपी विनीत जायसवाल ने प्रशिक्षणार्थियों से इंटरएक्टिव सेंशन के माध्यम से जानकारी की। एसपी ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त पुलिसकर्मियों से अपेक्षा है कि यूपी-112 की सेवाओं के दौरान सभी पुलिसकर्मी दिए गए प्रशिक्षण का व्यवहार में सदुपयोग करेंगे और इस दौरान बताई गई सभी बातें उनके लिए उपयोगी साबित होंगी। एसपी विनीत जायसवाल ने सभी पुलिसकर्मियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस मौके पर एएसपी राजेश श्रीवास्तव, डीटीयू प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक एवं महिंद्रा डिफेंस के दोनों ट्रेनर मौजूद रहे।

