- 27 मिनट के भाषण में 15 मिनट अखिलेश-जयंत पर बरसे योगी
- खेल विश्वविद्यालय के जरिए युवाओं को लुभाने की कोशिश
जनवाणी संवाददाता |
शामली: उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा के गढ़ में मतदाताओं से रूबरू होते हुए जहां गन्ना किसानों को खूब साधा, वहीं उन्होंने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव तथा रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी पर जमकर हमला बोला। योगी अपने 27 मिनट के संबोधन में करीब 15 मिनट तक अखिलेश-जयंत के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास करते रहे।
पश्चिमी उप्र में पहले चरण का चुनाव प्रचार अंतिम दौर में पहुंच चुका है। ऐसे में राजनीति दलों के नेताओं ने एक दूसरे पर शब्द बाण के हमले तेज कर दिए हैं। यही कारण रहा कि शनिवार को जब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामली जनपद में आए तो उन्होंने शामली के बाद थानाभवन में मतदाता संवाद कार्यक्रम में अपने संबोधन की शुरूआत सपा-बसपा पर हमला बोलने के साथ की।
कहा, सपा-बसपा सरकार में गन्ना भुगतान में प्रदेश देश में तीसरे नंबर पर था लेकिन आज कैबिनेट गन्ना मंत्री सुरेश राणा की अगुवाई में प्रथम स्थान पर है। पांच साल पहले थानाभवन, शामली, मुजफ्फरनगर, कैराना और कांधला में सुरक्षा की स्थिति गंभीर थी लेकिन आज परिस्थितियां बदली हैं।
योगी ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में जो दंगाई बिल में घुस गए थे, उनको ये जोड़ी फिर से बाहर निकालना चाहती हैं। इन्होंने प्रत्याशियों की जो सूची जारी की उसमें दंगाई हैं। ये दोनों लड़के गलत फहमी का शिकार हैं।
इनके टिकट देने से कुछ होने वाला नहीं है। ये अपनी गर्मी शांत करा लें वरना 10 मार्च के बाद शांत हो जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश पर हमला बोलते हुए कहा, कानून व्यवस्था, प्रदेश का विकास और गन्ना किसान इनके एजेंडे में नहीं था बल्कि दंगा कराना और भय का माहौल पैदा करना इनका एजेंडा था।
सपा सरकार में अपराधी गरीब की संपत्ति पर कब्जा कर रहे थे लेकिन भाजपा सरकार में अपराधियों द्वारा अर्जित की गई संपत्ति आज बुल्डोजर चल रहा है। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधी के प्रति भाजपा सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है।
इसलिए आज कोई भी बहन बेटियों की तरह नजर नहीं उठा सकता। पलायन कराने वालों से निपटा गया है तो सपा सरकार के कार्यकाल का बकाया 49 हजार करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान हुआ है। कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए योगी ने कहा कि उन्होंने रिकार्ड गन्ना भुगतान कर किसानों के जीवन में परिवर्तन लाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं का साधते हुए कहा कि सहारनपुर में मां शाकम्भरी देवी विश्वविद्यालय और मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय बन रहा है। इसका लाभ युवाओं को होगा। ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतने पर 6 करोड़ और रजत पदक जीतने पर 4 करोड़ राज्य सरकार दे रही है। साथ ही, नौकरी की सौगात भी मिलेगी।
शामली के नजदीक फिल्म सिटी बना रहे हैं। इसलिए युवाओं को मुम्बई जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सपा सरकार में लोग अंधेरे में रहते थे लेकिन अब 20 घंटे बिजली मिल रही है।
सपा सरकार का विकास सड़कों पर नहीं दिखता था बल्कि कब्रिस्तान की बाउंड्रीवॉल पर नजर आता था। पिछली सरकार तमंचे बनाती थी लेकिन हमारी सरकार सेना के लिए तोप के गोले बना रही है। जब ये तोप गरजेगी तो उसकी गूंज पाक में सुनाई देगी।

